मध्यप्रदेश के धार जिले के खलघाट में बड़ा हादसा हो गया है। यात्रियों से भरी एक बस नर्मदा नदी में गिर गई है। हादसा सुबह 10 बजे का बताया जा रहा है। बस में महिलाओं और बच्चों समेत 50 से ज्यादा लोग थे। अब तक 9 लोगों के शव नदी से निकाले जा चुके हैं। हादसा रॉन्ड साइड से आ रहे एक वाहन को बचाने के दौरान हुआ। बस पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे 25 फीट नीचे नदी में जा गिरी। बस महाराष्ट्र राज्य परिवहन की है।

इंदौर से महाराष्ट्र की ओर जा रही यात्री बस खलघाट संजय सेतु पुल पर संतुलन बिगड़ने के कारण 25 फीट नीचे नदी में जा गिरी। बचाव के लिए गोताखोर लगे हुए हैं। NDRF की टीम भी राहत बचाव के लिए मौके पर पहुंची है। इंदौर कमिश्नर पवन कुमार शर्मा ने धार और खरगोन के कलेक्टर्स को घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सुबह खरगोन-धार के बीच स्थित खलघाट में हुई बस दुर्घटना का संज्ञान लिया है। बस के नदी में गिर जाने की सूचना मिलते ही प्रशासन को शीघ्र पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। बस को क्रेन की मदद से निकाल लिया गया है। यात्रियों के रेस्क्यू का काम जारी है। मुख्यमंत्री ने एसडीआरएफ को भेजने के निर्देश दिए हैं, इसके अतिरिक्त आवश्यक संसाधन घटना स्थल पर भेजने और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। खरगोन, इंदौर जिला प्रशासन के साथ मुख्यमंत्री निरंतर संपर्क बनाए हुए हैं।