जयपुर । सूचना एवं जनसंपर्क राज्यमंत्री अशोक चांदना एक दिवसीय यात्रा पर राजसमंद जिले के नाथद्वारा पहुंचे। मंत्री चांदना ने हाल ही में लोकार्पित हुई विश्व की सबसे बड़ी शिव प्रतिमा ‘विश्वास स्वरूपम’ के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने शिव प्रतिमा और परिसर में स्थापित अन्य प्रतिमाओं तथा संपूर्ण परिसर का अवलोकन करते हुए इस स्थान के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने ‘विश्वास स्वरूपम’ की भव्यता की सराहना करते हुए कहा कि यह एक अद्भुत प्रतिमा है और इससे इस अंचल में पर्यटन का अपूर्व विकास होगा। उन्होंने यहां पर चल रहे धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजनों के बारे में भी जानकारी ली। आयोजकों ने खेल मंत्री चांदना का स्वागत किया और श्रीनाथजी की छवि के रूप में स्मृति चिह्न भेंट किया। इस दौरान मंत्री चांदना ने नाथद्वारा में प्रवासरत विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी से भी भेंट की और विविध विषयों पर चर्चा की। चांदना ने ‘विश्वास स्वरूपम’ के लोकार्पण समारोह के सफल आयोजन और नाथद्वारा के विकास कार्यों की सराहना की। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।