नई दिल्ली | मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ अधिकतम तापमान 42 व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। शाम तक दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। राजधानी में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की बाद भी गर्मी के तेवर कम नहीं हो रहे। यही वजह है कि पारा 42 तक पहुंचने के साथ लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। बृहस्पतिवार को कुछ देर के लिए बादलों ने आसमान को घेरा, लेकिन बिना बरसे ही चले गए। मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटे में सूरज के तेवर तल्ख होने के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से एक अधिक 42 व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक कम 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दिनभर तेज धूप निकली रही और लोग उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। शाम को कुछ देर के लिए बादल छाए, लेकिन यह राहत कुछ देर के लिए ही टिक पाई। हवा में नमी का स्तर 24 से 55 फीसदी रहा।