राजधानी में तेजी से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। शहर में कनकनी बढ़ चुकी है। बिना ऊनी कपड़े, जैकेट आदि पहने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। शाम होते ही सर्द हवाओं ने परेशान करना शुरू कर दिया है। लोग अलाव तापते नजर आए।

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, शुक्रवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि कांके का न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। इसके अलावा अगले पांच दिनों तक रांची का न्यूनतम तापमान आठ से नौ डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।

साल का अब तक का सबसे ठंडा दिन

साल का अब तक का सबसे ठंड दिन 19 दिसंबर को होगा। राजधानी का न्यूनतम तापमान 19 दिसंबर को आठ डिग्री और कांके का न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। इसके साथ ही सुबह कोहरा बना रहेगा। दिनभर धूप खिली रहेगी और शाम होते ही कनकनी बढ़ जाएगी।