कहां गायब हैं मयंक यादव, फिटनेस ने रोका करियर का उड़ान
आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है। टी20 के इस महाकुंभ का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। दुनिया की इस सबसे बड़ी टी20 लीग में खिलाड़ियों को अपना हुनर दिखाने का बेहतरीन मौका मिलता है। इस लीग में शानदार प्रदर्शन खिलाड़ियों को राष्ट्रीय टीम में जगह भी दिलवाता है। रविचंद्रन अश्विन, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या, ग्लेन मैक्सवेल और शॉन मार्श, कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें आईपीएल ने फर्श से अर्श पर पहुंचाया।इस लीग से कई सितारे उभरते हैं और इन्हीं सितारों में एक नाम ऐसा भी है, जिसने अपनी रफ्तार से दुनिया को हैरान तो किया, लेकिन पिछले कुछ समय से क्रिकेट की चकाचौंध से गायब है। हम बात कर रहे हैं मयंक यादव की। मयंक को आईपीएल में रफ्तार का सौदागर कहा गया। हालांकि, पिछले दो आईपीएल सत्र में वह सिर्फ छह मैच ही खेल सके हैं। उनका ज्यादातर समय बंगलूरू में बीसीसीआई के रिहैब सेंटर में ही बीता है। हालांकि, इस साल इस रफ्तार के सौदागर के पास अपनी छाप छोड़ने का अच्छा मौका है। दो साल चोट से ज्यादातर समय जूझने के बाद, मयंक अब आईपीएल में वापसी के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
2024 में मयंक ने किया था आईपीएल डेब्यू
दरअसल, आईपीएल 2022 के ऑक्शन में लखनऊ सुपर जाएंट्स (एलएसजी) ने दिल्ली के एक तेज गेंदबाज पर दांव खेला। 20 लाख के बेस प्राइस में मयंक यादव लखनऊ के खेमे में शामिल हुए। साल 2022 और 2023 में मयंक को अपनी रफ्तार दिखाने का मौका नहीं मिला था। हालांकि, एलएसजी में मयंक को एक ऐसे तेज गेंदबाज के तौर पर तैयार किया जा रहा था, जो बल्लेबाजों के लिए बड़ी परेशानी बनने वाले थे। मयंक को आईपीएल 2024 में पहली बार मौका मिला और उनकी रफ्तार ने हर टीम और बड़े से बड़े बल्लेबाज को चौंका दिया। उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ अपने पहले मैच में 27 रन देकर तीन विकेट झटके और प्लेयर ऑफ द मैच बने।
शुरुआती दो मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच बने
दो अप्रैल, 2024 को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में मयंक ने एक गेंद डाली, जिसकी रफ्तार 156.7 किलोमीटर प्रति घंटा थी। यह इस सीजन की सबसे तेज गेंद भी रही। आईपीएल 2024 में मयंक यादव ने कुल चार मुकाबले खेले और सात विकेट निकाले। इन चार मुकाबलों में ही मयंक इंडियन प्रीमियर लीग में अपनी छाप छोड़ने में सफल रहे। मयंक के आगे बड़े से बड़े बल्लेबाज इस सीजन बेबस दिखाई दिए थे, लेकिन इंजरी ने सारा काम खराब कर दिया। मयंक चोट के चलते आईपीएल 2024 से बाहर हो गए। मयंक अपने शुरुआती दोनों आईपीएल मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे।
मयंक टीम इंडिया में भी चुने गए
हालांकि, चोट से वह अक्तूबर, 2024 में उबर गए और उनकी रफ्तार ने भारतीय चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। मयंक को भारतीय टी20 टीम में जगह दी गई। वह अक्तूबर में बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में खेले और पांच विकेट लिए। ऐसा कहा जाने लगा कि भारत को एक नया सितारा मिल गया है। यहां तक कि ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए उनके चयन की मांग भी होने लगी। इसमें कोई दो राय नहीं थी कि मयंक पर्थ जैसी पिचों पर बेहद घातक साबित हो सकते थे। मयंक उस वक्त सबसे ज्यादा चर्चा में थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। मयंक एक बार फिर चोटिल हो गए और फिर रिहैब से गुजरे। ज्यादातर समय बाहर रहने के बावजूद लखनऊ फ्रेंचाइजी ने उन पर भरोसा जताया और मेगा नीलामी से पहले मयंक को 11 करोड़ रुपये में रिटेन किया था।
2025 में सिर्फ दो मैच खेल सके थे
हालांकि, आईपीएल 2025 में मयंक ने लखनऊ के लिए शुरुआती कुछ मैच छोड़ने के बाद वापसी की। उस साल भी मयंक की यही कहानी रही। इस सीजन लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए मयंक ने सिर्फ दो मैच खेले और बैक इंजरी के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए। मयंक की गेंदबाजी में धार और रफ्तार दोनों नजर आई, लेकिन वह दोनों सीजन में खुद को इंजरी से दूर नहीं रख सके। मयंक ने आईपीएल में दो साल में अब तक कुल छह मुकाबले खेले हैं और वह नौ विकेट निकालने में सफल रहे हैं। हालांकि, इंजरी ने मयंक की लय बिगाड़ने का काम किया है। आईपीएल 2024 में मयंक की गेंदबाजी इकोनॉमी 6.98 की रही थी। हालांकि, आईपीएल 2025 में उनकी इकोनॉमी सीधे 12.50 पर पहुंच गई थी। चोट ने उनकी लय पूरी तरह से बिगाड़ कर रख दी।
इस तरह बिगड़ी मयंक की लय
अगर घरेलू, अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल, तीनों टूर्नामेंट्स को मिलाकर देखें तो मयंक ने आईपीएल 2024 की शुरुआत से लेकर अब तक कुल 11 मैच खेले हैं। इनमें आईपीएल के छह मैच, भारत के लिए तीन टी20 मैच और इंडिया-ए के लिए दो मैच शामिल हैं। 2025 में आईपीएल से बाहर होने के बाद मयंक ने सीधे इस साल फरवरी में क्रिकेट के मैदान पर वापसी की। वह टी20 विश्वकप से पहले इंडिया-ए के लिए अमेरिका और नामीबिया के खिलाफ खेलते दिखे थे। अमेरिका के खिलाफ उन्होंने कोई विकेट नहीं लिया, जबकि नामीबिया के खिलाफ दो विकेट लिए थे।
मयंक यादव के पिछले 11 मैच
मैच गेंदबाजी तारीख स्थान प्रारूप
इंडिया ए vs नामीबिया 2/17 06 फरवरी 2026 बंगलूरू अन्य टी20
इंडिया ए vs यूएसए 0/37 02 फरवरी 2026 नवी मुंबई अन्य टी20
एलएसजी vs पंजाब किंग्स 0/60 04 मई 2025 धर्मशाला IPL
एलएसजी vs मुंबई इंडियंस 2/40 27 अप्रैल 2025 वानखेड़े IPL
भारत vs बांग्लादेश 2/32 12 अक्तूबर 2024 हैदराबाद T20I
भारत vs बांग्लादेश 1/30 09 अक्तूबर 2024 दिल्ली T20I
भारत vs बांग्लादेश 1/21 06 अक्तूबर 2024 ग्वालियर T20I
एलएसजी vs मुंबई इंडियंस 1/31 30 अप्रैल 2024 लखनऊ IPL
एलएसजी vs गुजरात टाइटंस 0/13 07 अप्रैल 2024 लखनऊ IPL
एलएसजी vs आरसीबी 3/14 02 अप्रैल 2024 बंगलूरू IPL
एलएसजी vs पंजाब 3/27 30 मार्च 2024 लखनऊ IPL
छाप छोड़ने को बेकरार होंगे मयंक
दो सीजन इंजरी से जूझने के बाद आईपीएल 2026 में मयंक अपनी छाप छोड़ने को बेकरार होंगे। लखनऊ सुपर जाएंट्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर मयंक का एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में मयंक की गेंदबाजी में वही रफ्तार और दमखम नजर आ रहा है, जिसके लिए वह जाने जाते हैं। आईपीएल के 19वें सीजन में मयंक के पास एक बार फिर जोरदार वापसी करने का सुनहरा मौका होगा। लंबे समय से मयंक पर भरोसा जता रही लखनऊ की टीम इस सीजन अपने इस युवा तेज गेंदबाज से दमदार प्रदर्शन की उम्मीद जरूर करेगी। हालांकि, मयंक के लिए यह जरूरी होगा कि वह खुद को इस सीजन इंजरी से बचाकर रखें।


कूड़े के नीचे मलबा भरने की करतूत ने मचाई सनसनी
पसीने और चिपचिपाहट से बचने के लिए 6 असरदार उपाय
बिना खर्च के पाएं दमकती त्वचा, जानें घरेलू नुस्खे
विपक्ष के आरोपों पर सीएम ने किया पलटवार
कुलदीप यादव की शादी में दुल्हन का ट्रेडिशनल अवतार वायरल


