भोपाल ।  दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव के अंतर्गत 'संक्रांति महोत्सव-2024' का आयोजन भोपाल के एमव्हीएम मैदान में किया जाएगा। इसका शुभारंभ 14 जनवरी को विशेष काइट फेस्टिवल के साथ होगा। 14 जनवरी को सुबह 10 बजे स्थानीय मंत्रीगण, विधायकगण, जन-प्रतिनिधि अधिकारीगण आदि सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसके बाद पारिवारिक हल्दी-कुमकुम का कार्यक्रम किया जाएगा। इसमें महिलाएं पारंपरिक परिधान पहनकर एक दूसरे को हल्दी कुमकुम लगाएंगी। इसके साथ ही स्थानीय पतंगबाजों पतंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। इस अवसर पर विशेष रूप से गुजरात से आए कलाकार बड़े आकर की विशेष ज्वाइंट काइट को उड़ाएंगे। इनका आकार पांच से 25 फीट तक होगा। इनमें कार्टून, शेर एवं विभिन्न आकृतियां रहेंगी।

समारोह में आयोजित होंगे ये कार्यक्रम

कार्यक्रम में मलखम्ब का प्रदर्शन, गिद्दा, भांगड़ा औऱ लोक-नृत्य समागम होगा। युवाओं एवं छात्रों हेतु एरो मॉडलिंग, एरो नॉटिक साइंस पर प्रशिक्षण एवं लाइव एरो मॉडल बनाने का प्रदर्शन होगा। स्वरोजगार से जुड़ी महिला उद्यमी, एसएसजी महिला समूह के उत्पादों का विक्रय, स्टॉल लगाए जाएंगे। महिला चलित फ़ूड स्टाल, तिल गुड़ स्पेशल फ़ूड फेस्ट तथा स्थानीय व्यंजन भी होंगे। जिला स्तरीय पतंगबाजी प्रतियोगिता होगी। पारंपरिक तांगा चालकों द्वारा सैलानियों को घुमाया जाएगा। स्थानीय खेल जैसे सितोलिया, सांप-सीढ़ी, चौघर, पिच कुटे, गिल्ली डंडा इत्यादि को प्रदर्शनी के तौर पर रखा जाएगा। शाम को लोहड़ी का कार्यक्रम होगा, जिसमें बबोन फायर के साथ सांस्कृतिक कार्यकम का आयोजन किया जाएगा। 

15 जनवरी को होगा समापन

15 जनवरी को मेले का समापन किया जाएगा। पतंग उड़ाने के शौकीन लोगों के लिए कार्यक्रम स्थल पर पतंग और डोर उपलब्ध रहेगी। जो पतंग उड़ाना चाहेगा उसे अवसर मिलेगा। साथ हो कुशल प्रशिक्षक भी होंगे जो पतंग उड़ाने के गुर सिखाएंगे।