भिलाई। पति से विवाद के बाद उरला में अकेले रहकर ट्यूशन पढ़ाने वाली एक महिला ने फेसबुक पर दोस्ती कर ठगी का शिकार हो गई। उसने फेसबुक पर एक व्यक्ति से दोस्ती की। आरोपित ने बताया कि वो यूके में रहता है और उसने उसे कुछ गिफ्ट भेजने का प्रस्ताव दिया। जिसे महिला ने उसे स्वीकार कर लिया। महिला से ठगी करने के बाद भी आरोपित उसे धमका रहे थे। जिसके बाद महिला ने मोहन नगर थाना में इसकी शिकायत की है।फिलहाल पुलिस ने आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा के तहत एफआइआर कर जांच शुरू की है।

पुलिस ने बताया कि उरला निवासी 34 वर्षीय महिला ने घटना की शिकायत की है। उसका उसके पति से विवाद के बाद तलाक का केस चल रहा है। कुछ महीने पहले उसे फेसबुक पर किसी राहुल खन्ना नाम के व्यक्ति का फ्रेंड रिक्वेस्ट मिला था। महिला ने उसे एक्सेप्ट किया था। जिसके बाद दोनों के बीच चैटिंग शुरू हो गई थी। कथित राहुल खन्ना नाम के व्यक्ति ने महिला को बताया कि वो यूके में रहता है। उसने महिला को पहले दोस्ती और फिर प्रेम का प्रस्ताव दिया। इसके बाद आरोपित ने उसे गिफ्ट भेजने की बात कही। इस बात के चार दिन बाद ही महिला के पास एक फोन आया। जिसपर बात कर रहे आरोपितों ने खुद को दिल्ली एयरपोर्ट का कस्टम अधिकारी बताया।

आरोपित ने दिल्ली एयरपोर्ट पर उसके नाम पर एक पार्सल आने और उसमें हीरे और सोने के जेवर होने की बात कही। साथ ही यह भी कहा कि उक्त जेवर को भारत भेजने के पहले उसकी कस्टम ड्यूटी नहीं जमा की गई है। आरोपितों ने कस्टम ड्यूटी की चोरी के आरोप में एफआइआर कर गिरफ्तार करने की धमकी दी। जिससे डरकर महिला ने 12 से 19 मई के बीच आरोपितों के बताए खातों पर कुल तीन लाख 80 हजार रुपये जमा कर दिए। इसके बाद भी आरोपित उसे धमकी दे रहे थे। इसके बाद महिला ने मोहन नगर थाना में शिकायत की। जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी कर उनकी तलाश शुरू की है।