चंडीगढ़। बीजेपी ने हरियाणा में मिशन-2024 का आगाज कर दिया है। सिरसा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दमदार रैली की। जिसके बाद बीजेपी ने सोनीपत, दादरी और पानीपत में बड़ी रैलियां की। वहीं, अब भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को एक साथ तीन लोक सभा क्षेत्रों में शक्ति प्रदर्शन का फैसला लिया है। यह पहली बार होगा जब भाजपा एक साथ तीन संसदीय क्षेत्रों में बड़ी रैलियां करने जा रही है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम और फरीदाबाद से लेकर रोहतक में रैली के जरिये भाजपा एक तीर से कई निशाने साधेगी। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के नौ साल पूरा होने पर राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे महाजनसंपर्क अभियान की कड़ी में हरियाणा भाजपा सभी लोकसभा क्षेत्रों में रैली कर रही है। अभी तक चार रैलियां कर चुकी भाजपा ने अपने अभेद दुर्ग गुरुग्राम और फरीदाबाद के साथ ही रोहतक रैली को प्रतिष्ठा का सवाल बनाया हुआ है, जो कांग्रेस का गढ़ रहा है।

राव इंद्रजीत और कृष्णपाल गुर्जर ने संभाली कमान

गुरुग्राम से सांसद राव इंद्रजीत और फरीदाबाद के सांसद कृष्णपाल गुर्जर मोदी सरकार में मंत्री हैं जिन्होंने रैली को सफल बनाने के लिए बागडोर खुद संभाली हुई है। रोहतक के सांसद अरविंद शर्मा भी रैली में अपनी धमक दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

रोहतक में संजीव बालियान करेंगे रैली

रोहतक की अनाज मंडी में केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान और अर्जुन राम मेघवाल के साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ रैली के मुख्य वक्ता होंगे तो गुरुग्राम के जाटौली में हरियाणा प्रभारी बिप्लब देव के साथ ओमप्रकाश धनखड़ और राज्यमंत्री ओमप्रकाश यादव मोर्चा संभालेंगे।

फरीदाबाद के पृथला पहुंचेंगे CM खट्टर

फरीदाबाद के पृथला विधानसभा क्षेत्र में पड़ते गदपुरी टोल प्लाजा पर होने वाली रैली में मुख्यमंत्री मनोहर लाल और कैबिनेट मंत्री डॉ. बनवारी लाल केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए भविष्य का रोडमैप दिखाएंगे। इसके बाद अंबाला में 29 जून को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और 30 जून को हिसार में केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान और कुरुक्षेत्र में हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की रैलियां होंगी।