पटना । प्रदेश में होलिका के दिन गुरुवार को मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिला। प्रदेश में पछुआ की जगह पूरबा हवा का प्रवाह बना रहा। इसकी गति चार-पांच किमी दर्ज की गई। मौसमी विज्ञानी की मानें तो गुरुवार को चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र दिल्ली एवं राजस्थान के आसपास स्थित होने के कारण प्रदेश में गर्म व शुष्क हवा का प्रवाह बना हुआ है। इस कारण दिन और रात के तापमान में असर पड़ा है।

अगले 48 घंटों के दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री की वृद्धि होने से प्रदेश का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने के आसार हैं। गुरुवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस बांका में दर्ज किया गया। पूर्वानुमान में बताया गया कि होली के दिन यानी शनिवार को प्रदेश का मौसम शुष्क बने होने के साथ आसमान साफ रहेगा। ऐसे में लोग होली का भरपूर आनंद उठा सकते हैं।