ग्राम प्रधान व बाइक सवार युवक ने फिल्मी अंदाज में सरेराह शस्त्र निकालकर एक-दूसरे को जान से मारने की धमकी दी। जिससे अफरा-तफरी मच गई। शस्त्र लहराते वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया। एक पक्ष से प्राथमिकी पंजीकृत करा दी गई है।

निगोही क्षेत्र के विकरनपुर गांव निवासी ग्राम प्रधान सनोवर सदर क्षेत्र के गदियाना बाहरी चुंगी मुहल्ले में रहती है। उनके पति तहरुव खां स्कार्पियो से अपने घर जा रहे थे। घर से कुछ दूरी पर उनका गदियाना मुहल्ला निवासी सज्जाद नाम के युवक से विवाद हो गया।

एक ने तानी रायफल तो दूसरे ने निकाला तमंचा

तहरुव ने पीछा कर बाइक सवार सज्जाद के आगे स्कार्पियो लगा दी जिससे वह गिर गया। तहरुव ने सज्जाद पर रायफल तानी तो उसने भी तमंचा निकाल लिया। जिससे अफरा-तफरी मच गई। सीसीटीवी में यह घटनाक्रम कैद हो गया जिसका वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

तहरुव ने सज्जाद के खिलाफ प्राथमिकी पंजीकृत करा दी है। सीओ सिटी बीएस वीर कुमार ने बताया कि इस प्रकरण में अभी एक पक्ष से ही तहरीर मिली हैं। दूसरे पक्ष के बारे में जानकारी जुटाई जा रही हैं। वीडियो की भी जांच कराई जाएगी। भूमि को लेकर विवाद होने की बात सामने आ रही हैं। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।