पटना | शुक्रवार को पटना समेत बिहार के कई अन्य भागों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने से लोग गर्मी से परेशान रहे। कुछ इसी प्रकार की स्थिति अगले तीन-चार दिनों तक बने रहने के आसार हैं। इस दौरान उमस वाली गर्मी से लोग परेशान रहेंगे। वहीं अगले 48 घंटों के दौरान पटना समेत प्रदेश के दक्षिण-पश्चिम भागों के तापमान में दो से तीन डिग्री की वृद्धि के आसार हैं। हालांकि प्रदेश के सीमांचल क्षेत्रों में 24 घंटों के दौरान मेघ गर्जन के साथ बारिश का पूर्वानुमान है। पटना का अधिकतम तापमान शुक्रवार को सामान्य से तीन डिग्री की वृद्धि के साथ 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 44.4 डिग्री सेल्सियस के साथ औरंगाबाद प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। दक्षिण पश्चिम मानसून शुक्रवार को पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी से होते हुए उत्तर पूर्व हिस्सों से आगे बढ़ते हुए उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में पहुंच गया है। चक्रवात का क्षेत्र पूर्वी उत्तर प्रदेश व इसके आसपास के इलाकों में बने होने के साथ पूर्व पश्चिम ट्रफ-रेखा नगालैंड तक बिहार, पश्चिम बंगाल और असम से होकर गुजर रही है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तरी भाग व दक्षिण पूर्व भाग के एक दो स्थानों पर 30-40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने के साथ ही मेघ गर्जन के साथ वर्षा के आसार हैं।