दिल्ली-एनसीआर और आसपास के इलाकों के लोगों ने अप्रैल और मई में जिस ठंडे मौसम का लुत्फ उठाया उसका दौर अब खत्म होने को है। मौसम विज्ञानियों ने जो अनुमान जताया है उसके अनुसार अब आने वाला हर तापमान बढ़ाएगा।

रविवार को हल्की बारिश जरूर हो सकती है लेकिन इसके बाद हर दिन तापमान लगातार बढ़ता जाएगा। यही नहीं पारा 41 डिग्री के पार भी जा सकता है।

राजधानी में पश्चिमी विक्षोभ का असर अब खत्म होने को है। ऐसे में अब रोज तीखी धूप खिलेगी और तापमान में भी वृद्धि होगी। हालांकि, रविवार को बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन उससे तापमान में कमी आने की उम्मीद नहीं है।

शुक्रवार को दिनभर सूरज और बादलों के बीच लुका-छिपी चलती रही। अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 34.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 88 से 41 प्रतिशत रहा।

दिल्ली के रिज क्षेत्र में सुबह सबसे ज्यादा सुहानी रही। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री कम 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि शनिवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 37 और 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

रविवार को कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन उससे तापमान कम नहीं होगा। धीरे-धीरे न्यूनतम तापमान भी बढ़ेगा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आठ जून तक अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा।

15 जून तक 45 डिग्री पार कर जाएगा। यानी, मार्च, अप्रैल और मई की ठंडक के बाद जून में लोगों को तीखी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

मौसम की अलग-अलग गतिविधियों के चलते दिल्ली की हवा साफ-सुथरी बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 120 रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। दो दिन वायु गुणवत्ता इसी श्रेणी में रहने की संभावना है।