नई दिल्ली | दिल्ली में मौसम का मिजाज बदल गया है। बुधवार को तेज बारिश की वजह से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। वहीं गुरुवार को हल्की से मध्यम बारिश और 30-40 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इससे तापमान में मामूली गिरावट आएगी। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बुधवार को अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा।भारतीय मौसम विभाग के वैज्ञानिक आरके जेनामणि ने कहा कि ओडिशा के ऊपर जो दबाव बना है, वह उत्तर पश्चिम भारत की ओर बढ़ रहा है। इसकी वजह से दिल्ली-एनसीआर में नमी के साथ हवाएं चल रही हैं और तीन दिनों तक बारिश होने की उम्मीद है।