अलवर: राजस्थान के अलवर में बारिश के कारण एक मकान भरभराकर गिर गया। घर में सो रहीं दो लड़कियां मलबे में दब गईं। मशक्कत के बाद इन्हें निकाला जा सका। हादसे में एक लड़की की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार हादसा अलवर के गोविंदगढ़ कस्बे के समीपवर्ती नसवारी में शनिवार को हुआ है। सरपंच अनवर अजान ने बताया कि हमारे गांव में साहुन पिता हमीद खान का मकान रात को बारिश में गिर गया। मकान में सो रहीं दो लड़कियां मकान के अंदर दब गईं। मकान गिरने से इलाके में हड़कंप मच गया। चीख-पुकार मच गई। लोग मदद के लिए पहुंचे। मलबे के नीचे दबी लड़कियों में से एक मुस्कान (15) की आवाज बाहर आ रही थी। जिसे लोगों ने आधे घंटे के भीतर बाहर निकाल लिया। लेकिन दूसरी लड़की नजराना (19) को एक घंटे बाद तलाशा जा सका। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ चुकी थी। रात को पूरे गांव ने मकान के मलबे को जेसीबी की सहायता से हटाकर लड़कियों को निकाला है। मकान के अंदर 6 बकरियां भी जिंदा दब गईं। बताया गया कि पीड़ित साहुन के परिवार में पत्नी सहित 5 लड़कियां और 2 लड़के हैं। 

तो हो सकता था बड़ा हादसा

घटना में घायल मुस्कान ने कहा कि में रात को खाना खाने के बाद नजराना के साथ एक ही खाट पर सोई हुई थी। रात को लगातार बारिश आ रही थी और हम छत के ऊपर बने चौबारे में सो रहे थे। रात में मकान गिर गया और हम उसमें दब गए। अल्लाह के रहम से मैं तो जिंदा बच गई, लेकिन नजराना नहीं रही। इस बात का बहुत दुख है। घटना के वक्त बाकी परिवार के सदस्य घर के पास में बनी दुकानों में सो रहे थे। अगर घर के अंदर बाकी के परिवार जन होते तो पूरा परिवार घटना में खत्म भी हो सकता था।

मुआवजा दिलाएंगे

घटना की सूचना मिलते ही गोविंदगढ़ पटवारी मौके पर पहुंचा और पीड़ित के नुकसान का मौका पर्चा तैयार किया गया। वहीं उपखंड अधिकारी ने कहा कि घटना बहुत ही दुखद है। पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दी जाएगी। सरपंच अनवर अजान ने बताया कि अब पीड़ित साहुन खान के पास रहने को कोई मकान नहीं है। यही एक पुराना मकान था, जो भी अब बारिश में गिर गया। सरपंच ने कहा कि इस प्रशासन को बोलकर पीड़ित को मुआवजा दिलवाएंगे।