जयपुर । भाद्रपद शुक्ल चतुर्थी पर 31 अगस्त को गणेशजी महाराज का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इससे पहले मोती डूंगरी गणेशजी मंदिर में जन्मोत्सव के कार्यक्रम 24 अगस्त से ही शुरू हो जाएंगे। इस दिन मोदकों की झांकी सजाई जाएगी। मुख्य आयोजन गणेश चतुर्थी को होगा। इसके एक दिन पहले 30 अगस्त को सिंजारा महोत्सव का आयोजन होगा। गणेशजी महाराज को सिंजारे की मेहंदी धारण करवाई जाएगी। वहीं जन्मोत्सव के दूसरे दिन गणेशजी महाराज की शोभायात्रा निकाली जाएगी। दो साल बाद भगवान गणेशजी महाराज जयपुर शहर भ्रमण पर निकलेंगे।
मंदिर महंत कैलाश शर्मा ने बताया कि गणेशजी महाराज के जन्मोत्सव को 31 अगस्त को मनाया जाएगा। इस उपलक्ष्य में कई कार्यक्रम होंगे। 24 अगस्त को गणेशजी महाराज के मोदकों की झांकी के दर्शन होंगे। झांकी के दर्शन सुबह 5 बजे से होंगे। इस दिन बाहर का प्रसाद नहीं चढ़ेगा। झांकी में 251 किलो के 2 मुख्य मोदक होंगे। इसके अलावा 5 मोदक 51 किलो के, 21 मोदक 21 किलो के और 1100 मोदक सवा किलो के साथ अन्य मोदक शामिल होंगे। इस दिन गजानन महाराज को माणक पन्ना युक्त मुकुट धारण करवाया जाएगा। भक्तों को शाम 6.30 बजे से रात 9 बजे तक नि:शुल्क प्रसाद वितरित किया जाएगा। महोत्सव के तहत 25 अगस्त को गुरु पुष्य नक्षत्र पर गजानन महाराज के पंचामृत अभिषेक होगा। इस दिन 351 महिलाएं कलश लेकर आएगी, जल से भगवान का अभिषेक होगा। इसके अलावा 500 किलो दूध, 50 किलो बूरा, 100 किलो दही व 11 किलो घी व 11 किलो शहद से पंचामृत अभिषेक होगा। इस दिन ध्वज पूजन होगा। नवीन ध्वज धारण होंगे। मंदिर में महोत्सव के तहत 26 से 29 अगस्त तक सांस्कृतिक कार्यक्रम व भजन संध्या होगी। इसमें ध्रुवपद गायन, कत्थक नत्य व सुगम संगीत का आयोजन होगा।महंत कैलाश शर्मा ने बताया कि महोत्सव के तहत 30 अगस्त को गणेशजी महाराज का विशेष शृंगार किया जाएगा। गणेशजी महाराज का विशेष नौलड़ी का नोलखा हार के भाव जैसा शृंगार होगा।