स्टार फॉरवर्ड मार्कस रशफोर्ड के इस सत्र में 10वें गोल की मदद से मैनचेस्टर यूनाइटेड ने यहां इंग्लिश प्रीमियर लीग (EPL) के मुकाबले में नॉटिंघम फॉरेस्ट को 3-0 से हरा दिया। रशफोर्ड ने मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए इस सत्र में सभी टूर्नामेंटों में 21 मैच खेलते हुए 10 गोल दागे हैं।इंग्लिश खिलाड़ी रशफोर्ड ने इससे पहले मैच में भी गोल किया था। उन्होंने ईएफएल कप में बर्नले के खिलाफ एक गोल किया था। इसके अलावा कतर विश्वकप में उन्होंने तीन गोल दागे थे। उन्होंने ईरान के खिलाफ एक और वेल्स के खिलाफ दो गोल किए थे।

यूनाइटेड के लिए मैच में गोल की शुरुआत रशफोर्ड ने की। उन्होंने बॉक्स के अंदर से एरिक्सन के पास पर 19वें मिनट में गोल करके टीम को मैच में 1-0 से आगे कर दिया। इसके बाद भी यूनाइटेड ने गोल करने का सिलसिला जारी रखा। इस बार रशफोर्ड ने कोई गोल तो नहीं किया लेकिन उन्होंने गोल करने में मदद जरूर की। 23वें मिनट में रशफोर्ड ने गेंद एंथोनी मार्शल को दी और उन्होंने इसे गोल में बदलकर टीम को 2-0 की उपयोगी बढ़त दिलाई। पहले हाफ में मैनचेस्टर यूनाइटेड 2-0 से आगे रहा।

दूसरे हाफ में यूनाइटेड के कोच एरिक टेन हेग की टीम ने ज्यादा आक्रामक होकर खेली और एक गोल करने में सफल रही। 87वें मिनट में फ्रेड ने यूनाइटेड के लिए तीसरा गोल किया। ब्राजील के खिलाड़ी कैसेमिरो ने स्थानापन्न खिलाड़ी फ्रेड को पास की और उन्होंने बॉक्स के अंदर से इसे गोल पोस्ट में पहुंचाकर टीम की बढ़त को 3-0 कर दी। नॉटिंघम फोरेस्ट के खिलाड़ियों ने गोल करने के कुछ मौके जरूर बनाए लेकिन वह इसे गोल में बदल नहीं सके।

मैनचेस्टर यूनाइटेड की टीम अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंचने से दो अंक दूर है। इस जीत के बाद यूनाइटेड की टीम अंक तालिका में 29 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर आ गई। शीर्ष पर 40 अंकों के साथ आर्सेनल है, जबकि न्यूकैसल 33 अंक लेकर दूसरे स्थान पर मौजूद है। मैनचेस्टर सिटी 32 अंक लेकर तीसरे स्थान पर विराजमान है। नॉटिंघम 13 अंक के साथ 19वें स्थान पर है।

चेल्सी ने ईपीएल के अन्य मैच में बोर्नमाउथ को 2-0 से हराकर चार मैचों से चला आ रहा हार का क्रम तोड़ दिया। चेलसी के लिए गोल काई हावर्टज 16वां मिनट और मेसन माउंट 24वां मिनट ने किए। चेल्सी 24 अंकों के साथ आठवें स्थान पर है, जबकि 16 अंक लेकर बोर्नमाउथ 14वें नंबर पर है।

मैनचेस्टर यूनाइटेड के कोच एरिक टेन हेग ने कहा "हमें और गोल करने चाहिए थे। हमने गोल करने के कई मौके बनाए थे, लेकिन हम सिर्फ तीन गोल ही कर पाए। हमारे पास मार्सिअल, रशफोर्ड, ब्रूनो जैसे खिलाड़ी हैं जो गोल कर सकते हैं। इसके बावजूद हम टीम के साथ और नए स्ट्राइकर जोड़ना चाहते हैं।"