ADM विवेक रघुवंशी होंगे अब सीईओ चांचौड़ा SDM वंदना राजपूत को भेजा गया सीहोर
 

गुना में पदस्थ ADM विवेक रघुवंशी होंगे अब जिला पंचायत सीईओ। 

शुक्रवार देर शाम राज्य शासन ने अपर कलेक्टर और डिप्टी कलेक्टर रैंक के अधिकारियों की तबादला सूची जारी की है। इसमें गुना जिला पंचायत CEO और चांचौड़ा SDM का तबादला कर दिया गया है। गुना में ही ADM पद पर पदस्थ विवेक रघुवंशी को जिला पंचायत CEO बनाया गया है। पिछले 3 महीनों से ही यह सुगबुगाहट थी कि जिला पंचायत CEO का जल्द ही तबादला हो सकता है।

शासन द्वारा जारी सूची के अनुसार CEO नीलेश पारिख का तबादला किया गया है। उन्हें उनके मूल विभाग में वापस भेज दिया गया है। उनकी सेवाएं मूल विभाग ग्रामीण विकास सेवा को वापस कर दी गयी हैं। उनकी जगह अब विवेक रघुवंशी जिला पंचायत CEO होंगे। वे पिछले एक वर्ष से ADM की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

मंत्री की नाराजगी पड़ी भारी

सूत्रों की मानें तो कुछ समय से पंचायत मंत्री और उनके करीबियों की जिला पंचायत CEO नीलेश पारिख से नाराजगी चल रही थी। यह अंदेशा व्यक्त किया जा रहा था कि जल्द ही CEO का यहां से तबादला हो सकता है। उनको मूल विभाग में वापस भेजना भी यह दर्शाता है कि मंत्री की किस हद तक नाराजगी रही होगी। एक बात यह भी निकलकर सामने आई थी कि अपने मातहत अधिकारियों पर उनका ज्यादा विश्वास था और अधिकतर काम उन्होंने उन पर ही छोड़ रखा था। यही वजह रही कि CEO का तबादला हुआ।

चांचौड़ा SDM को भेजा गया सीहोर

5 महीने पहले ही गुना भेजी गईं डिप्टी कलेक्टर वंदना राजपूत का भी तबादला कर दिया गया है। वह यहां पर चांचौड़ा SDM के पद पर पदस्थ थीं। उन्हें CM के गृह जिले सीहोर भेजा गया है। कुछ दिन पहले ही बच्चों के वैक्सीनेशन में लापरवाही बरतने पर उन्होंने दो स्कूलों पर कार्रवाई की थी। एक स्कूल का दफ्तर सील किया था और एक स्कूल का रिकॉर्ड जप्त किया था।