आरा शहर में पॉलिटेक्निक के छात्र का एक बांध के पास से शव मिला। वो बुधवार से अपने घर से लापता था। छात्र के चेहरे में चोट और खून के निशानप मिले हैं। परिजनों ने आशंका जताई है कि उसके दोस्तों ने ही हत्या की है। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धोबहा ओपी अंतर्गत सलेमपुर गांव वार्ड नंबर 5 निवासी आकाश कुमार दुबे (19) के रूप में की गई। आकाश मुंगेर में पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर रहा था। वो 20 दिन पहले ही घर आया था। आकाश इसी वर्ष इसी साल 16 जनवरी को बाइक चोरी के मामले में जेल भी गया था। दो दिन पूर्व अपने दोस्तों के साथ दिल्ली गया था। वह बराबर अपने दोस्तों के साथ रात में बाहर ही रहा करता था। मंगलवार की शाम ही अपनी बाइक बुआ के घर खड़ी कर अपने दोस्तों के साथ चला गया था। इसी बीच रात करीब सवा दस बजे उसकी मां ने उसे फोन किया, तब उसने फोन पर बताया था कि वह अभी बहुत दिक्कत में है। बाद में बात करेगा। कुछ देर बाद जब उसकी मां ने उसके फोन पर दोबारा कॉल किया तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ था। आकाश की मां ने बुधवार की दोपहर उसकी बुआ को फोन किया और बताया कि बेटा कल रात से ही घर वापस नहीं लौटा है। इसके बाद परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। इसी बीच बुधवार की देर शाम आकाश का शव मिला। हालांकि पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।