चितरा (देवघर)। झारखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों देश सुरक्षित है। उन्हें फिर से प्रधानमंत्री बनाएं। कांग्रेस के शासनकाल में वह विकास नहीं हो पाया जो मोदी के नेतृत्व में दस वर्ष के दौरान हुआ।

बाबूलाल का हेमंत सोरेन पर निशाना

मरांडी गुरुवार को दुमका लोकसभा क्षेत्र की भाजपा प्रत्याशी सीता सोरेन के पक्ष में ताराबाद मध्य विद्यालय परिसर में सभा में संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मरांडी ने झामुमो और पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भी हमला किया। कहा-अपनी करनी के कारण हेमंत सोरेन जेल की हवा खा रहे हैं।

बाबूलाल ने गिनाई पीएम मोदी की उपलब्धियां

मरांडी ने जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाई। कहा- आर्थिक, सामरिक, राजनीतिक, कूटनीति दृष्टि से प्रधानमंत्री मोदी ने सशक्त राष्ट्र की नींव रखी।

यही कारण है कि भारत का लोहा पूरा विश्व मानता है। घरेलू मोर्चे पर आतंकियों के विषैले फन को कुचला है। जम्मू कश्मीर से 370 धारा हटाई। अयोध्या में रामलला की स्थापना की।

जरूरतमंदों के शुभचिंतक हैं मोदी: बाबूलाल

मोदी देश के गरीबों, महिलाओं, किसानों और जरूरतमंदों की चिंता करने वाले प्रधानमंत्री हैं। जिन्होंने भोजन, आवास, बीमारी के लिए इलाज, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान, फसल बीमा सहित अनेक योजना चलाकर सुविधा मुहैया करने का हर संभव प्रयास किया है। हेमंत पर प्रहार करते कहा कि झारखंड की खनिज संपदा को बेरहमी से लुटवाने का काम किया। लोहा, कोयला, बालू माफिया के हाथों में बेच दिया।