झारखंड के संसदीय एवं विधानसभा चुनावों में भारतीय प्रशासनिक सेवा तथा भारतीय पुलिस सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी भी भाग्य आजमाते रहे हैं। इनमें से कुछ बड़े दल में सम्मिलित होकर चुनाव लड़ते हैं तो कुछ किसी ऐन वक्त पर किसी छोटे दल का दामन थामकर या निर्दलीय चुनाव मैदान में उतर जाते हैं। कुछ ऐसे अधिकारी भी हैं जिन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर चुनवा लड़ा है।

इस कड़ी में एक और नाम जुड़ने वाला है। भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त पदाधिकारी राजीव कुमार ने लोकसभा चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। वे चतरा संसदीय सीट से चुनाव लड़ेंगे, जहां आइएनडीआइ से सीट शेयरिंग की घोषणा हुए बिना झारखंड सरकार के मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है।

राजीव कुमार लातेहार में रह चुके उपायुक्त

वहीं, भाजपा ने अभी अपना पत्ता नहीं खोला है। राजीव कुमार ने कहा कि यदि उन्हें किसी राजनीतिक दल का टिकट मिलता है तो ठीक है, अन्यथा वह निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। राजीव कुमार लातेहार में उपायुक्त रह चुके हैं। भारतीय प्रशासनिक सेवा में आने से पहले ये लंबे समय तक झारखंड में मत्स्य निदेशक के पद पर कार्य कर चुके हैं। मत्स्य निदेशक के रूप में इन्होंने झारखंड में केज कल्चर को बढ़ाया दिया।

इधर, कई अन्य अधिकारी भी लोकसभा या विधानसभा चुनाव में अपना भाग्य आजमाने की तैयारी में हैं। उनकी अलग-अलग दलों से बात चल रही है। हाल ही में पूर्व डीआइजी संजय रंजन ने भी आजसू की सदस्यता ग्रहण की थी। पार्टी ने इन्हें महासचिव बनाया है।