गोड्डा में कंहवारा पुल के पास एक युवक की हत्या कर शव को जलाने का प्रयास किया गया। बुधवार की तड़के ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव बरामद किया। युवक की पहचान अरुण साह के 18 वर्षीय बेटे रोहित साह के रूप में की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक की हत्या संभवतः पत्थर से कुचल कर की गई है।

हत्या के बाद शव को जलाने का प्रयास किया गया है। रोहित मंगलवार से ही लापता था। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। गुस्साए कंहवारा गांव के सैकड़ों युवक ने शहर के हटिया चौक पर जाम लगा दिया। एनएच 133 में जाम लगने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई।

सुबह स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को भी इससे काफी परेशानी हुई। बाद में पुलिस-प्रशासन ने समझा-बुझाकर भीड़ को शांत कराया। इस दौरान एक घंटे तक मेन रोड में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

SDPO ने मामले में क्या कुछ कहा

मौके पर पहुंचे एसडीपीओ शिव शंकर तिवारी ने भीड़ को विश्वास दिलाया कि हत्यारे को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इसके बाद लोग शांत हुए और जाम हटाया गया। इधर, दुमका से स्वान दस्ता भी मंगा लिया गया है और घटनास्थल पर खोजी कुत्ते को लगाया गया।

आशंका जताई जा रही है कि कहीं से हत्या कर शव को कझिया नदी के कंहवारा पुल के पास लाकर हत्यारों ने शव को जलाने का प्रयास किया है।

नगर थाना प्रभारी मधुसूदन मोदक ने बताया कि युवक शहर के एक हार्ड वेयर प्रतिष्ठान में काम करता था। उसके स्वजनों की आर्थिक स्थिति भी काफी दयनीय है। पूरा परिवार एक कच्चे मकान में रहता है। हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटनास्थल नशेड़ियों का अड्डा भी लगता है। यहां प्रेमी युगल भी मौज तफरी के लिए जुटते हैं। इन तमाम बिंदुओं पर पुलिस का अनुसंधान चल रहा है।