जयपुर में एक वीडियो में 6 कुत्ते एक 9 साल के दक्ष पर हमला करते दिख रहे हैं। बच्चा अपनी जान बचाने के लिए भागता है, लेकिन कुत्ते उसे घेरकर दबोच लेते हैं। फिर अपने नुकीले दांतों और नाखूनों से नोचने लगे। बच्चा जान बचाने के लिए चिल्लाता रहा। बच्चे की आवाज सुन साइकिल सवार दो बच्चे और स्कूटी सवार दो महिलाएं मौके पर पहुंची। कुत्ते को भगाकर बच्चे की जान बचाई। अगर ये चारों मौके पर नहीं पहुंचते तो कुत्ते बच्चे की जान ले लेते। हैरानी की बात ये है कि ये कुत्ते पहले एक बच्चे की जान ले चुके हैं। तब भी नगर निगम की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई। पूरी घटना मौके पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। 

मूर्ति बनाने का काम करने वाले जितेन्द्र मिश्रा ने बताया कि उनका 9 साल का बेटा दक्ष जब घर से बाहर निकला तो कुत्तों ने घेर लिया। कुछ लोग आ गए इससे बच्चा बच गया। बच्चे का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। निगम प्रशासन इस ओर कोई काम नहीं कर रहा। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों से वह बहुत परेशान हैं। गर्मी के चलते ये कुत्ते और आक्रामक हो चुके हैं। पहले भी ये कुत्ते कई लोगों को काट चुके हैं। निगम को कई बार इस संबंध में शिकायत दे दी गई है। उसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।