पटना। जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यों की बराबरी राजद द्वारा 17 वर्षों में नहीं किया जा सकता है। राजद के नेता 17 महीने का ढोल पीट रहे हैं, पर यह बेमानी है।राजीव रंजन ने कहा कि बिहार की जनता भूली नहीं है कि नीतीश सरकार से पहले बिहार में न तो सड़कें थीं और न ही बिजली-पानी की व्यवस्था। राजद के गुंडों के कारण बिहार में कानून की व्यवस्था खस्ताहाल थी। खुद न्यायालय ने बिहार में जंगल राज की बात कही थी।जदयू प्रवक्ता ने कहा कि यह नीतीश सरकार की ही देन है कि आज बिहार की विकास दर देश की विकास दर से भी तेज है। राज्य के कोने-कोने में सड़कों का जाल बिछ गया है। लोग बेखौफ होकर देर रात बाजारों में घूमते नजर आते हैं। गरीबी दर में रिकार्ड कमी आई है।

वहीं तेजस्वी यादव हर मंच से कहते नजर आ रहे हैं कि मैंने थके हुए मुख्यमंत्री से काम करवाया। एक दिन में 2 लाख बेरोजगारों को सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र बंटवा कर देश में लकीर खींच दी। यह कीर्तिमान है। तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार ने डेढ़ साल में दो बार पलटी मार दी। नीतीश कुमार भरोसे के लायक नहीं रहे हैं।वहीं सम्राट चौधरी ने परिवारवाद को लेकर विपक्षी दलों पर जोरदार कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि राजद में टू जी यानी दूसरी पीढ़ी राज कर रही है। पहले मां, पिता थे अब बेटा भी आ गया। इसी तरह तमिलनाडु में थ्री जी वाले भी हैं। कांग्रेस में तो फोर जी है, मोतीलाल नेहरू, पंडित नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और अब राहुल गांधी आ गए।