झारखंड में आज किसी भी जिले में भारी बारिश का अनुमान नहीं है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमानों में सभी जिलों में गरज-चमक को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। बीते दिनों राजधानी रांची में जमकर बारिश हुई लेकिन आज यहां वर्षा की संभावना कम है। 

जमशेदपुर में मौसम का हाल

चाईबासा, जमशेदपुर और सरायकेला क्षेत्र में आज दिन भर आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। दोपहर में उमस परेशान कर सकती है। हालांकि, शाम के समय वर्षा की संभावना है।

पलामू में मौसम का हाल

इसके अलावा, पलामू ,गढ़वा व लातेहार में वर्षा नहीं होने के कारण तापमान में बढ़ोतर हुई है। अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान अपनी जगह पर बना है। इस कारण लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिली।

शनिवार को यहां अधिकतम तापमान 32.0 व न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस रहा। आज भी यहां मौसम की स्थिति में बदलाव देखने की उम्मीद कम है। यहां आज भी लोग भीषण गर्मी का सामना कर सकते हैं।  

चतरा में मौसम का हाल

चतरा में आज सुबह से दोपहर तक धूप खिली रहेगी। दोपहर के बाद आसमान में बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने हल्के व मध्यम स्तर की वर्षा की संभावना जताई है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य रहेगा। यहां अधिकतम 31 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की संभावना है।