जयपुर ।  राज्यपाल श्री कलराज मिश्र ने कहा है कि संविधान सिर्फ कानून, राजनीति और लोक प्रशासन से जुड़े लोगों का ही विषय नहीं है, आमजन को भी संविधान के बारे में जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने संविधान से जुड़ी संस्कृति के लिए आमजन में जागरुकता लाने का आह्वान किया है।    
राज्यपाल श्री मिश्र बुधवार को राजभवन में सिरोही पीजी कॉलेज के छात्र-छात्राओं से संवाद कर रहे थे। उन्होंने बताया कि संविधान को उसके 22 भागों में वर्णित प्रावधानों से समझा सकता है। संविधान उद्यान में इसे ही सरल और कलात्मक रूप में प्रदर्शित कर समझाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. बी.आर. अम्बेडकर के नेतृत्व में अलग-अलग देशों के संविधानों, देश की प्राचीन लोकतांत्रिक परम्पराओं आदि का विषद अध्ययन करने के बाद संविधान का निर्माण किया गया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को संविधान की संस्कृति से अवगत कराते हुए कहा कि स्व. नंदलाल बोस सहित कई सुप्रसिद्ध कलाकारों ने संविधान की मूल प्रति में चित्र उकेरे।विधायक श्री संयम लोढ़ा ने कहा कि संविधान जागरण के बारे राज्यपाल श्री मिश्र द्वारा अभिनव और ऐतिहासिक कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को संविधान उद्यान देख कर संविधान को सुरुचिपूर्ण ढंग से समझने का अवसर मिला है।