पटना । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर आधी आबादी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इंग्लैंड से उन्होंने देश की महिलाओं के नाम संदेश जारी किया। कहा कि महिलाएं समाज का अभिन्न हिस्सा हैं। किसी भी राज्य या देश के विकास में महिलाओं का योगदान बेहद महत्वपूर्ण है। वह प्रतिभा के बलबूते विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बना रही हैं। महिलाओं के सशक्तीकरण को लेकर एनडीए सरकार निरंतर प्रयत्नशील है।मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना, मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, जीविका, सभी सरकारी सेवाओं में 35 फीसदी आरक्षण का लाभ, पंचायती राज संस्थाओं एवं नगर निकाय के चुनावों में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण का लाभ सहित कई अन्य योजनायें चलायी जा रही हैं, जिससे आज महिलायें आत्मविश्वास के साथ प्रदेश की तरक्की में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। बिहार सरकार का दावा है कि महिला सशक्तिकरण में बिहार अगुआ बना है। बिहार की बेटियों के लिए राज्य सरकार कई योजनाएं चला रही है।