भोपाल ।  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि यह गजब पार्टी है। इसमें नेता गालियां खाने की पावर आफ अटार्नी देते हैं। प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीडिया से चर्चा में बुधवार को शिवराज सिंह ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कमल नाथ ने ही कहा है कि गाली खाने की पावर आफ अटार्नी उन्होंने दिग्विजय सिंह को दी थी। मैं कमल नाथ से पूछना चाहता हूं कि ऐसा काम क्यों करते हो कि गालियां खानी पड़ें।

यह भी अजीब है कि अगर गाली खाना पड़े तो तो खुद न खाएं, दूसरे को पावर आफ अटार्नी दे दें। ऐसे ही सरकार चलाने की पावर आफ अटार्नी इन्होंने दिग्विजय सिंह को दे रखी थी। पहले बंटाधार हुआ और आज भी बंटाधार ही हो रहा है। जब दिग्विजय सिंह ने सरकार चलाई उस समय मध्य प्रदेश की जो दुर्गति हुई वह जनता को पता है। अद्भुत है कांग्रेस और धन्य है इसके नेता, जो गालियां खाने की पावर आफ अटार्नी भी देते हैं। बता दें कि पावर आफ अटार्नी की बात कमल नाथ ने मंगलवार को वचन पत्र के विमोचन के दौरान सफाई देते हुए कही थी। दरअसल, कमल नाथ का दावेदार वीरेंद्र रघुवंशी के समर्थकों से चर्चा करते हुए वीडियो बहुप्रसारित हुआ था जिसमें वे टिकट न दिए जाने के लिए दिग्विजय सिंह और जयवर्धन सिंह के कपड़े फाड़ने के लिए कह रहे हैं।