मौसम के रंग बदलने का दौर अभी जारी रहेगा। छठ के बाद मौसम में घुली ठंडक दो-तीन दिनों तक ही रहेगी। इसके बाद तापमान में फिर बढ़ोतरी होगी और मौसम में गर्माहट घुल जाएगी। मौसम में बदलाव का कारण बंगाल की खाड़ी में आनेवाला नया समुद्री तूफान है। मौसम केंद्र रांची से जारी अपडेट में बताया गया है कि बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है। 25 नवंबर को इसके और सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से 26 नवंबर को बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर के जन्म लेने का अनुमान है।

27 नवंबर तक इसके और ताकतवर होकर डिप्रेशन का रूप धारण करने के आसार हैं। डिप्रेशन का धनबाद या आसपास पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर मौसम विभाग निगरानी कर रहा है। फिलहाल इस ओर समुद्री बादलों के आने से तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान जताया गया है। अगले तीन-चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं आएगा। उसके बाद दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। 26 नवंबर से आंशिक बादल छाने की भी संभावना है।

जामताड़ा में मौसम का हाल
जामताड़ा समेत आसपास के इलाके में अगले दो दिनों के दौरान मौसम साफ रहने का अनुमान है। इस दौरान यूनतम पारे में गिरावट का दौर जारी रहेगा। अधिकतम व न्यूनतम पारे का तापांतर 15 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जाएगा। हवा सात से नौ किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। वहीं, धनबाद की बात करें तो यहां सुबह कोहरा या धुंध छाने के बाद आसमान साफ व मौसम शुष्क रहेगा। तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। दिन में हल्की धूप खलेगी और शाम ढलने पर मौसम सर्द रहेगा।