दिल्ली | थोड़ी राहत के बाद शीतलहर का नया दौर जल्द शुरू होने की संभावना है। 15 जनवरी से सर्दी फिर से लोगों को सताएगी और कोहरा भी परेशान करेगा। आज भी कोहरे के कारण विमानों की उड़ानों पर असर पड़ा है। राष्ट्रीय राजधानी में कोहरे के कारण कुछ उड़ानें (दिल्ली-सैन फ्रांसिस्को/काठमांडू, दिल्ली-चंडीगढ़-कुल्लू, दिल्ली-जयपुर, दिल्ली-धर्मशाला-चंडीगढ़, दिल्ली-शिमला-धर्मशाला, दिल्ली-देहरादून) विलंबित हैं।जनवरी की शुरुआत से सर्दी का सितम झेल रहे दिल्लीवासियों को गुरुवार को धूप खिलने से राहत मिली, लेकिन शाम को हुई बूंदाबांदी से ठंड बढ़ गई। बुधवार देर रात दिल्ली के कई इलाकों में भी बारिश हुई थी।

लेकिन दिन में धूप खिलने से ठंड का अहसास कुछ कम हुआ। अब 15 जनवरी से कोहरे और सर्दी का सितम बढ़ने की संभावना है।मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा व चंडीगढ़ में 12 जनवरी को हल्की बूंदाबांदी की भविष्यवाणी की थी। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार शाम को दिल्ली के कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई। इस कारण से रात होते-होते ठंड बढ़ गई। दिन भर धूप खिले रहने के कारण अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

बुधवार के मुकाबले में यह चार डिग्री अधिक रहा। विभाग ने शुक्रवार को भी अधिकतम तापमान 21 डिग्री व न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहने की संभावना जताई है।दिल्ली के रिज इलाके में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री व आयानगर में 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। एनसीआर के इलाकों में भी सर्दी से राहत रही। गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 10.2, फरीदाबाद में 10.9, गाजियाबाद में 9.4, व नोएडा में न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।