मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुरूप राज्य में इस सप्ताह भी औसत से कम वर्षा हुई। पूरे प्रदेश में इस अवधि के सामान्य वर्षा स्तर 32.2 एमएम की तुलना में केवल 24 एमएम वर्षा हुई। यह औसत स्तर से 25 प्रतिशत कम है।वहीं एक जून से आरंभ हुए मानसून सीजन के तहत अब तक प्रदेश में इस अवधि के सामान्य वर्षा स्तर 375.5 एमएम की तुलना में 326.2 एमएम वर्षा हुई, जो औसत से 15 प्रतिशत कम है।

राज्य में अंबाला, यमुनानगर व पंचकूला को छोड़कर अन्य जिलों में सामान्य से कम वर्षा रिकॉर्ड की गई। राज्य में न्यूनतम व अधिकतम तापमान का स्तर सामान्य से ऊपर रहा।मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार इस सप्ताह राज्य में अंबाला में 93.8 एमएम वर्षा हुई, जो सामान्य वर्षा स्तर 55.8 से 68 प्रतिशत अधिक है। यमुनानगर में 116.5 एमएम वर्षा हुई, जो 81 एमएम के सामान्य वर्षा स्तर से 44 प्रतिशत अधिक है।

जबकि पंचकूला में 71.9 एमएम वर्षा हुई। यह इस अवधि के सामान्य वर्षा स्तर 60.9 की तुलना में 18 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा अन्य सभी जिलों में वर्षा स्तर सामान्य से कम रहा।सिरसा, भिवानी, कैथल, सोनीपत व चरखी दादरी जैसे जिलों में औसत वर्षा स्तर सेे काफी कम वर्षा रिकॉर्ड की गई। वहीं वीरवार को प्रदेश में सर्वाधिक 36.7 डिग्री सेल्सियस तापमान हिसार और न्यूनतम 24.1 डिग्री सेल्सियस तापमान मेवात के मडकोला में रिकार्ड किया गया।राज्य में 23 अगस्त को उत्तर हरियाणा में कुछ स्थानों पर तथा 24 से 29 अगस्त की अवधि में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।