हर जगह स्वतंत्रता दिवस के रंग में रंगे युवा। देश भक्ति के जोश से लबरेज हजारों लोग। कदम-दर-कदम भारत माता के जयघोष। हर घर तिरंगा की कड़ी में रविवार को शहर में यात्रा निकली। इस शानदार तिरंगा यात्रा में देशभक्ति के तराने गूंजते रहे।

जगह-जगह जोरदार स्वागत

इसका जगह-जगह जोरदार स्वागत होता रहा। हाथों में तिरंगा व जुबां पर वंदेमातरम, भारत माता की जय आदि नारे गूंजते रहे। कहीं पर सुरक्षा बल के जवान तो कहीं पर स्कूली छात्र-छात्राएं तिरंगा लेकर जोश से निकले। 200 मीटर लंबे तिरंगे को लेकर यात्रा सुरेश्वर महादेव मंदिर से 11 बजे दिन में निकली। शहर के विभिन्न रास्तों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर में जाकर समाप्त हुई। आइटीबीपी के अधिकारियों व जवानों ने सुकुरहुट्टू गांव में तिरंगा यात्रा निकाली। इसके अलवा एचईसी सेक्टर-2 में महिलाएं व राष्ट्रीय युवा शक्ति की ओर से मोरहाबादी आक्सीजन पार्क से यात्रा निकाली गई।