झारखंड में आज मौसम सुहाना बने रहने की संभावना है। राजधानी रांची में आज (शुक्रवार को) हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है।

रांची के कुछ इलाकों में मंगलवार को भी वर्षा हुई थी। मौसम विभाग के अनुसार, अब अगले पांच दिनों तक रांची व आसपास के इलाकों में मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है।

दस सितंबर के बाद कैसा होगा मौसम?

दस सितंबर के बाद गर्जन के साथ वर्षा होने की संभावना है। मौसम केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने कहा है कि मानसून का एक टर्फ राज्य के पूर्वी हिस्से से अभी गोरखपुर, पटना, हजारीबाग होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रहा है।

एक साइक्लोनिक सरकुलेशन भी है। इससे अगले कुछ घंटों में एक लो प्रेशर बन सकता है। इसके असर से मानसून थोड़ा तेज हो सकता है। हालांकि, आठ सितंबर से इसमें थोड़ी कमी आयेगी।

पूरे झारखंड में मानसून सक्रिय

इस दौरान कहीं-कहीं गर्जन और वज्रपात की संभावना है। करीब पूरे झारखंड में मानसून सक्रिय है। इसका असर राजधानी रांची सहित कई इलाकों में दिख रहा है।

कोल्हान और पलामू प्रमंडल वाले जिलों में भी अच्छी बारिश हुई है। तीन-चार दिनों तक इसका असर रहने की उम्मीद है। इसके साथ ही 11 सितंबर तक राज्य में कहीं-कहीं रुक- रुक कर बारिश होती रहेगी।

बता दें कि राज्य के कुछ जिलों में बुधवार को गर्जन के साथ वर्षा दर्ज की गई है।