छिंदवाड़ा ।    छिंदवाड़ा में भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होने पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को विरोध का सामना करना पड़ा। भारी वर्षा के बीच जब जन आशीर्वाद यात्रा परासिया पहुंची तो एक कार्यकर्ता यात्रा के वाहन के सामने लेट गया।

परासिया में हुआ विरोध प्रदर्शन

जानकारी के अनुसार भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा में शामिल होने केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर विशेष विमान से पहुंचे थे। बताया जाता है कि जब यात्रा परासिया पहुंची, तो यहां कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। भमोड़ी में एक कार्यकर्ता वाहन के आगे लेट गया। इसके अलावा भाजपा कार्यालय के सामने भी नाराज लोगों ने नारेबाजी की।

अभी प्रत्‍याशी घोषित नहीं हुआ परासिया में

उल्‍लेखनीय है कि परासिया विधानसभा में वर्तमान में कोई प्रत्याशी घोषित नहीं किया गया है, यहां ताराचंद बावरिया और ज्योति डेहरिया दावेदार हैं, लेकिन माना जा रहा है कि इसे लेकर कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। इसी का विरोध मंत्री के सामने किया गया। इसमें महिलाएं भी शामिल थीं। उनका कहना था कि प्रत्याशी के रूप में ज्योति डेहरिया नहीं चाहिए।