इंदौर। सेवानिवृत आइएएस रेणु पंत व डाक्टर ललित पंत के बंगले में घुसे बदमाशों का तीन दिन बाद भी पता नहीं चला। पुलिस सीसीटीवी फुटेज लेकर बदमाशों को ढूंढ रही है। खोजी श्वान से भी सफलता नहीं मिली। वह खेत में जाकर रुक गया। पुलिस अब उनके भागने और घुसने के निशान तलाश रही है। मामले में चड्डी बनियान गैंग का हाथ माना जा रहा है।

कनाड़िया थाना क्षेत्र की पाश कालोनी संपत फार्म में शनिवार रात नकाबपोश बदमाशों ने चोरी की थी। रिटायर आइएएस रेणु पंत, उनके पति ललितमोहन पंत, दामाद डाक्टर गौरव पुरोहित, बेटी डाक्टर पल्लवी पंत, मां कमला जोशी को बंधक बनाकर ज्वेलरी और मेडल, नकदी, विदेशी करंसी चुराकर ले गए थे। मामले में पुलिस अभी तक खाली हाथ है।

पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट, खोजी श्वान को बुलाया, मगर कुछ हाथ नहीं लगा। पंत के बंगले के पीछे खाली खेत हैं।श्वान खेत में जाकर रुक गया था। पुलिस का अनुमान है बदमाश खेतों के रास्ते घुसे और खेतों के रास्ते ही भागे। पुलिस अब उनके भागने के निशान और फुटेज निकालने में जुटी है।

इधर तीर के डर से गांववाले बनकर अड्डे पर पहुंची पुलिस

चंदन नगर थाना क्षेत्र स्थित धार रोड़ पर सिलसिलेवार डकैती करने वाले बदमाशों का पुलिस ने डेटा जुटा लिया है। गिरोह को गाड़ी मुहैया करवाने वाले आरोपित पाकिया को गिरफ्तार किया है। दाहोद (गुजरात) के जिस गांव से पाकिया को पकड़ा वहां के युवा लूट-चोरी और डकैती की घटनाएं करते हैं। पुलिस वहां आसानी से नहीं घुस पाती।बदमाश पुलिस पर भी तीर से हमला कर देते हैं।

पुलिसकर्मियों ने रैकी करने के लिए अपनी वेशभूषा बदली। ग्रामीणों वाले कपड़े पहने ताकि कोई उन पर शक न करें। तीर कमान के डर से दबिश देने का वक्त भी तड़के का चुना। डीसीपी जोन-4 आरकेसिंह के मुताबिक, पुलिस ने वारदात में शामिल अन्य बदमाशों की पूरी जानकारी जुटा ली है। उनके आने-जाने के मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है।