भोपाल ।  अयोध्या के मंदिर में 22 जनवरी को होने जा रही रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का उत्सव शुरू हो चुका है। इससे देश-दुनिया में बसे करोड़ों रामभक्त आह्लादित हैं। जगह-जगह धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। राम मंदिर बनने की खुशी में शनिवार को संत हिरदाराम नगर के बलिदानी हेमू कालानी स्टेडियम में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और स्थानीय विधायक रामेश्वर शर्मा की मौजूदगी में करीब 11 हजार रामभक्तों ने मिलकर पाठ किया। समूचा स्टेडियम भगवा रंग में रंगा नजर आया।

बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल

स्टेडियम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, स्कूली बच्चे, मंदिर प्रमुख, पुजारी एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। सभी ने मिलकर पवन पुत्र हनुमान की स्तुति करते हुए हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने कहा कि अब रामराज्य की कल्पना साकार हो रही है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्री राम मंदिर के लिए कई जन्मों के बाद प्राण-प्रतिष्ठा की बहुप्रतीक्षित घड़ी आ गई है।

गत पांच सौ वर्ष से कई पीढ़ियां खप गईं

सीएम ने कहा कि देश विभाजन से राष्ट्र खंडित हुआ। संभवतः फिर अखंड भारत की दिशा में कार्य हो सकता है। हनुमान चालीसा से भक्ति और शक्ति का मार्ग प्रशस्त होता है। नए भारत का निर्माण शुरू हो रहा है। मुख्यमंत्री डा. यादव ने भक्तों को शुभकामनाए दीं। कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल व विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी संबोधित किया।

शोभायात्रा 22 को, तैयारियां तेज

राम मंदिर निर्माण से प्रसन्न बैरागढ़वासी 22 जनवरी को भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकालेंगे। इसके लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। सिंधी समाज के विभिन्न संगठन, विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, आरएसएस, हिंदू हेल्पलाइन सहित अनेक संगठन एकजुट होकर घर-घर श्री राम ध्वज लगा रहे हैं। वेदांत संत लाल साई के दरबार में बैठकों का दौर जारी है। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम की झांकी सजाई जाएगी। बग्घी पर सवार होकर नगर की परिक्रमा करते हुए रामजी सबको आशीर्वाद देंगे। संत महात्मा एवं दरबार प्रमुख भी इसमें शामिल होंगे।