राजधानी दिल्ली में गर्मी अपने तेवर दिखा रही है। शनिवार को अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रहा। लोगों को शुक्रवार के मुकाबले गर्मी से मामूली राहत तो मिली, लेकिन सुबह से तेज धूप निकलने से लोगों के पसीने छूट गए। आज बादल छाये रहने का अनुमान है। 

प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा, वहीं न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो कि तीन डिग्री कम रहा। 
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को हल्के बादल छाए रहेंगे और दोपहर व शाम को धूल भरी आंधी भी चलने का अनुमान है। इसमें हवा 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चल सकती है। रविवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

वहीं, न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक बना रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को नजफगढ़ इलाका सबसे अधिक गर्म रहा। जहां अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जबकि न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री रहा। 

पालम का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यहां न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री रहा। वहीं, लोधी रोड का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 26.6 दर्ज किया गया। दोपहर के समय तेज धूप ने लोगों को खूब परेशान किया।