जहानाबाद। जिले में पुलिस अभिरक्षा से एक शराब तस्कर के फरार होने की घटना ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। यह मामला काको थाना क्षेत्र का है, जहां जेल ले जाते समय आरोपी ने पुलिस को चकमा दे दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर थाना पुलिस ने शनिवार को एक ट्रक से भारी मात्रा में शराब बरामद करते हुए चालक और उपचालक सहित कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया था। सभी आरोपियों को पुलिस अभिरक्षा में काको स्थित मंडल कारा ले जाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि जैसे ही पुलिस वाहन काको बाजार पहुंचा, वहां ट्रैफिक जाम के कारण गाड़ी की रफ्तार धीमी हो गई। इसी दौरान दो आरोपियों ने मौका देखकर हथकड़ी ढीली कर ली और चलती गाड़ी से कूदकर भागने लगे। कैदियों को भागते देख पुलिसकर्मियों ने तुरंत वाहन रोककर उनका पीछा किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया, लेकिन दूसरा तस्कर भीड़ का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। फरार आरोपी की पहचान कर्णाव कुमार के रूप में हुई है, जो ट्रक का उपचालक बताया जा रहा है। इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष चंद्र चौधरी ने बताया कि शराब बरामदगी मामले में गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेजा जा रहा था, तभी रास्ते में एक कैदी फरार हो गया। उन्होंने इसे सुरक्षा में गंभीर चूक बताते हुए कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान जो भी पुलिसकर्मी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। बीच बाजार से कैदी के फरार होने की इस घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल है और आम लोगों के बीच भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।