दिल्ली | मौसम में आए बदलाव के बाद शुक्रवार को पारा बढ़कर 42 डिग्री को पार कर गया। यह इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया है। शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। वहीं साल 2018 के बाद 12 मई दूसरी बार पारा 42 डिग्री के पार गया है।प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री रहा जो सामान्य से छह डिग्री कम है। वहीं दिल्ली का नजफगढ़ इलाका सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री रहा।वहीं एनसीआर की बात करें तो दिल्ली के मुकाबले कुछ बेहतर रहा।

अधिकतम तापमान गुरुग्राम में 42.5 डिग्री, नोएडा में 41.9 डिग्री दर्ज किया गया। केंद्र ने अनुमान जताया है कि शनिवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। शाम या रात में धूल भरी आंधी चल सकती है। कुछ जगहों पर गर्म हवाएं चलने का भी अनुमान है। अधिकतम तापमान 43 और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।शनिवार को दिल्ली में मुख्य सतही हवाएं उत्तर-पश्चिम, पश्चिम दिशा से चल सकती है। वहीं रविवार को दिल्ली में 30 से 40 की गति से दिन के समय तेज हवाएं चल सकती हैं। केंद्र के अनुसार दिल्ली में 15 मई के बाद कुछ सुधार हो सकता है। अनुमान है कि 16 मई को कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हो।वहीं केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार दिन में चली हवाओं के कारण प्रदूषण स्तर में सुधार हुआ। शुक्रवार को दिल्ली का प्रदूषण सूचकांक 227 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में है। वहीं बृहस्पतिवार को दिल्ली में प्रदूषण सूचकांक 277 दर्ज किया गया था।