पलामू के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के कचरा गांव स्थित बैठा टोला के तीन मजदूर, एक बच्चा समेत एक महिला की मौत सड़क दुर्घटना में हो गई है।

वहीं, घटना में तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं। उनका उपचार अस्पताल में चल रहा है। हादसा उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुआ है।

जानकारी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना इलाके में यमुना एक्सप्रेस-वे पर ग्रेटर नोएडा से आगरा की ओर जाते समय शुक्रवार देर रात करीब एक बजे अज्ञात वाहन ने एक कार को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है।

बताया गया है कि हादसे का शिकार होने वाला परिवार दिल्ली में रहता है। पीड़ित लोग झारखंड के रहने वाले हैं। कार सवार शनिवार सुबह यमुना एक्सप्रेस-वे के रास्ते दिल्ली से झारखंड के लिए इको कार से जा रहे थे। जीरो पॉइंट से 25 किलोमीटर पर अज्ञात वाहन ने कार को टक्कर मार दी।

हादसे में गंभीर रूप से घायल सभी आठ लोगों को जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीन लोगों को हालत गंभीर बनी हुई है। तीनों को आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

मृतकों में उपेंद्र बैठा (38), बिजेंद्र बैठा (36) कांति देवी (30), ज्योती कुमारी (12), सुरेश पुत्र श्रीकांत कामत बैठा (45) शामिल हैं। सभी पलामू के थाना हुसैनाबाद के कचरा गांव के रहने वाले थे। घायलों में सूरज कुमार (16), आयुष (08) व आर्यन कुमार (10) शामिल हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम है और गांव में सन्नाटा छाया है। सभी दुर्गा पूजा का पर्व मनाने दिल्ली से निजी कार से अपने घर आ रहे थे। सभी दिल्ली में काफी दिनो से मेहनत मजदूरी करते थे। वहीं परिवार के साथ रहते थे।

मृतक व घायल सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं। घटना की सूचना पर स्थानीय विधायक कमलेश कुमार सिंह ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने परिवार के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव मदद की बात कही है।