झरिया-केंदुआ मुख्य मार्ग पर सिंह नगर में शनिवार सुबह एक ट्रक ने राज प्लस टू इंटर स्कूल के छात्र 15 वर्षीय अर्णव कुमार को अपनी चपेट में ले लिया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अर्णव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।

घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने उक्त मार्ग पर हाइवा परिचालन बंद करने की मांग को लेकर सिंह नगर में जमकर बवाल किया। उन्होंने सड़क पर शव रखकर उसे जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने सिंह नगर मार्ग पर खड़े एक सौ से अधिक हाइवा व ट्रकों में तोड़फोड़ भी किया।

चालक, खलासी व मुंशी को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

उनके चालक, खलासी व मुंशी को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। सूचना पाकर झरिया थाने के टाइगर जवान व अधिकारी मौके पर पहुंचे। आक्रोशित लोगों ने पुलिस के साथ भी हाथापाई की। मोबाइल व कैमरे से फोटो ले रहे लोगों को भी वे नहीं बख्श रहे थे।

अर्णव की छोटी बहन आरोही कतरास मोड़ स्थित आइएसएल स्कूल में तीसरे वर्ग में पढ़ती है। रोज की तरह शनिवार को अर्णव अपनी बहन को स्कूल छोड़कर अपने घर भूली क्वार्टर जा रहा था। इसी दौरान ट्रक ने अर्णव को अपनी चपेट में ले लिया।