देश में चंद्रयान के चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग की खुशियां मनाई जा रही हैं। अभिनेता से लेकर नेता तक इस ऐतिहासिक घटना पर बधाई दे रहे हैं। वहीं, इसी बीच राजस्थान की गहलोत सरकार के मंत्री अशोक चांदना ने चंद्रयान मिशन के सफल होने पर मीडिया के सामने ऐसी बात कही है, उससे वो ट्रोल हो रहे हैं।

बता दें कि चांदना राजस्थान के बूंदी जिले के हिंडौली विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO)के महत्वाकांक्षी चंद्र अभियान चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर ने बुधवार की शाम चंद्रमा की सतह को छू लिया।इसके साथ ही भारत दुनिया में यह उपलब्धि हासिल करने वाला चौथा देश बन गया है।

मगर कुछ राजनेताओं को इस गौरवशाली पल की आधी-अधूरी जानकारी ही रहती है, इसका उदाहरण राजस्थान से सामने आया है।बता दें कि चांदना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह चंद्रयान-3 अभियान की सफलता को लेकर भारत के वैज्ञानिकों को शुभकामनाएं दे रहे हैं। लेकिन इसी वीडियो में वह चंद्रयान के साथ चंद्रमा पर जाने वाले यात्रियों को भी शुभकामना देने की बात कर रहे हैं। मंत्री चांदना की इस बात को लेकर लोग सोशल मीडिया पर मजेदार कमेंट्स किए जा रहे हैं। साथ ही उन्हें ट्रोल कर रहे हैं।