हरियाणा में गर्मी ने बुरा हाल किया हुआ है। हालांकि, आने वाले दिनों में राहत मिलने वाली है। प्रदेश में 25 जून से प्री मानसून की बारिश शुरू होने का अनुमान है, लेकिन इससे पहले लोगों को तीन दिन तक शुष्क एवं गर्म मौसम को झेलना पड़ेगा। 27 जून तक मौसम बदल जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून का मौसम जून के अंतिम दिनों में ही शुरू होगा। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान डिपार्टमेंट के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने कहा है कि प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में 24 जून तक शुष्क हवाएं चलेगी, जिससे गर्मी बढ़ेगी। उन्होंने आगे बताया कि 24 जून के बाद बंगाल की खाड़ी से मानसूनी हवाएं उत्तर- पश्चिमी क्षेत्र की तरफ आएंगी, जिससे प्रदेश में नमी बढ़ेगी। इसके बाद मौसम बदल जाएगा।

कुछ क्षेत्र में तेज तो कुछ में होगी हल्की बारिश

25 जून रात से 27 जून के बीच प्रदेश के अधिकतर इलाकों में हवाओं के साथ हल्की प्री-मानसून बारिश आने का अनुमान है। इसके अलावा, कुछ इलाकों में तेज बारिश की भी पड़ सकती है। इससे हरियाणा के तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। मौसम विज्ञान विभाग, चंडीगढ़ ने प्रदेश के पांच दिनों के मौसम के बारे में बताया है, लेकिन विभाग ने किसी प्रकार की कोई वार्निंग नहीं दी है। कुछ जगहों पर बारिश होगी, लेकिन इससे सिर्फ तापमान में कमी आएगी।

40 डिग्री के पार रहेगा तापमान

राहत भरी खबर तो आपने जान ली, लेकिन अब एक बुरी खबर भी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान 42 से 43 डिग्री तक जा सकता है। ऐसे में, आपको भयंकर गर्मी झेलनी पड़ सकती है। हालांकि, बाद में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आयेगी। 21 जून को राज्य में 10 जिले सूखे रहेंगे, 22 जून को ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क और गर्म रहेगा। 24 जून से मौसम में बदलाव आना शुरू हो जाएगा।