चंडीगढ़ः हरियाणा में बाढ़ जैसे हालात के लिए राजनीतिक दलों ने एक दूसरे की घेराबंदी की है। साथ ही प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग करने के साथ ही राहत कार्यों में तेजी लाने तथा प्रभावित लोगों के हुए नुकसान की भरपाई की मांग भी जोर पकड़ने लगी है।

भाजपा की ओर से प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ और कांग्रेस की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने-अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा है कि संकट की इस घड़ी में वह प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर आम लोगों को राहत दिलाने का काम करें। हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने एक संदेश जारी कर कहा कि विभिन्न आपदाओं में भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी जिम्मेदारी का बखूबी निर्वाह किया है।

एक बार फिर उन्हें लोगों की मदद के लिए सामने आना चाहिए। कांग्रेस की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह सरकार के भरोसे पर ना बैठे रहें तथा लोगों की मदद करने के लिए आगे आएं। हुड्डा ने अंबाला क्षेत्र को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र घोषित करने की मांग करते हुए कहा कि सरकार को वक्त रहते हुए बाढ़ से बचाव की तैयारी करनी चाहिए थी।

गुरुग्राम मेट्रो स्टेशन का नाम बदलने में व्यस्त रही सरकार को बारिश से हुए नुकसान की भरपाई के लिए किसानों का मुआवजा घोषित करना चाहिए। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने ट्वीट कर लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल के माध्यम से संदेश दिया है कि भारी बारिश के चलते कई स्थानों पर आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।

इसलिए बारिश से प्रभावित इलाकों में सतर्कता बरतने के साथ-साथ आपसी सहयोग और निगरानी बनाए रखें। कांग्रेस महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने एक बयान जारी कर अंबाला जिले को बाढ़ प्रभावित जिला घोषित करने के साथ ही पूरे प्रदेश के लोगों के लिए तुरंत प्रभाव से राहत कार्यों का इंतजाम करना चाहिए। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने अंबाला जिले को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र घोषित करने की मांग के साथ कहा कि राज्य सरकार को केंद्र से एनडीआरएफ समेत ज्यादा से ज्यादा मदद मंगवानी चाहिए।

राज्य के हालात बहुत अधिक खराब हैं। बाढ़ व जलभराव से लोगों के सामने खाने और पशुओं के चारे की समस्या खड़ी हो गई है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव चौधरी निर्मल सिंह ने कहा कि दो दिन से हो रही बारिश से प्रदेश में सड़क व रेल यातायात समेत जनजीवन अस्त व्यस्त है।

प्रदेश के कई जिलों में बाढ जैसे हालात हैं। जिन किसानों ने धान रोप दिये थे उनका बहुत नुकसान हो गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से तुरंत प्रभाव से किसानों व प्रभावित लोगों को आर्थिक सहायता और राहत कार्य शुरू करवाने की मांग की।