पटियाला: नगर काउंसिल चुनावों की सरगर्मी के बीच शुतराणा विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक कुलवंत सिंह बाजीगर का एक विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में विधायक एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए विपक्षी दलों को चुनाव मैदान छोड़ घर बैठने की नसीहत देते नजर आ रहे हैं, जिससे पंजाब की सियासत में उबाल आ गया है।

विरोधियों को पैसा न बर्बाद करने की सलाह

वायरल वीडियो में आप विधायक कुलवंत सिंह बाजीगर साफ तौर पर कहते दिख रहे हैं कि जनता अच्छी तरह जानती है कि अगर भाजपा, कांग्रेस या शिरोमणि अकाली दल का प्रधान बना तो क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं होगा। उन्होंने विरोधियों पर तंज कसते हुए कहा कि विपक्षी दल चुनाव में अपना पैसा बर्बाद न करें, क्योंकि जीत तो आम आदमी पार्टी की ही होनी है।

'कमरे बंद करके कसर पूरी कर लेंगे' वाले बयान पर विवाद

वीडियो का सबसे विवादित हिस्सा वह है जहां विधायक यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि अगर चुनाव में थोड़ी-बहुत कसर रह भी गई, तो उसे कमरे बंद करके पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि कोई लड़ाई-झगड़ा नहीं होगा, बस गेट बंद करके अपना काम करेंगे और बड़े मार्जिन से जीत हासिल करेंगे। हैरान करने वाली बात यह रही कि जब विधायक यह बात कह रहे थे, तब मंच पर मौजूद पार्टी के जिला प्रभारी तेजिंदर मेहता भी मुस्कुराते नजर आए।

विपक्ष हमलावर: भगवंत मान के 'बदलाव' मॉडल पर उठाए सवाल

इस बयान के सामने आते ही विपक्षी खेमा पूरी तरह हमलावर हो गया है। कांग्रेस और भाजपा के दिग्गज नेताओं ने इस बयान को लोकतंत्र की सरेआम हत्या करार दिया है। विपक्षी नेताओं ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार को घेरते हुए पूछा कि क्या यही आम आदमी पार्टी का कथित 'बदलाव मॉडल' है? उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे बयान आगामी चुनाव की निष्पक्षता पर गंभीर सवालिया निशान खड़े करते हैं।

डीजीपी और चुनाव आयोग तक पहुंची शिकायत

मामले की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस और भाजपा ने विधायक कुलवंत सिंह बाजीगर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। दोनों ही प्रमुख विपक्षी दलों ने इस मामले को लेकर पटियाला के डीसी, एसएसपी, पंजाब के डीजीपी और चुनाव आयोग को लिखित शिकायत दर्ज कराई है। विपक्ष ने निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए विधायक के खिलाफ तुरंत और सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।