शिरोमणि अकाली दल के स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया (SOI) अमृतसर देहाती के पूर्व जिला प्रधान तेजबीर सिंह की निशानदेही पर पुलिस ने एक तीस बोर की देसी पिस्तौल बरामद की है। यह कार्रवाई पुलिस ने सोमवार की सुबह की है। इसके साथ ही तेजबीर सिंह के एक साथी को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपित की पहचान सैंसरां कलां गांव निवासी गुरजीत सिंह के रूप में बताई है। आरोप है कि गुरदीप सिंह तेजबीर सिंह के इशारे पर हेरोइन तस्करी कर रहा था। पता चला है कि गुरजीत सिंह के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। बता दें सीआईए स्टाफ ने वीरवार की रात हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी गुरजीत सिंह को गिरफ्तार किया था। आरोपित के कब्जे से 110 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। इसके बाद आरोपित ने पुलिस हिरासत में स्वीकार किया था कि उक्त खेप वह तेजबीर सिंह के इशारे पर सप्लाई कर रहा है। तेजबीर सिंह का साल 2021 में मारे गए कुख्यात गैंगस्टर राणा कंदोवालियां के साथ काफी नजदीकियां थीं।

AAP का गंभीर आरोप

आप के प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने आरोप लगाया कि तेजवीर सिंह गिल का अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल और वरिष्ठ अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के साथ सीधा संबंध है। तेजवीर अकाली नेता विरसा सिंह वल्टोहा के भी नजदीकी है। इसके अलावा इसका संबंध गैंगस्टर घनश्याम पुड़िया के साथ भी है।