नई दिल्ली: जालंधर संसदीय सीट जीतने के बाद नवनिर्वाचित सांसद सुशील कुमार रिंकू ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। मुख्यमंत्री निवास पर मुलाकात के दौरान केजरीवाल ने उन्हें जनसेवा का मंत्र दिया। रिंकू को पंजाब और वहां की जनता के विकास के मुद्दों को संसद में मजबूती के साथ उठाने को कहा। इस मौके पर राज्यसभा सदस्य संजय सिंह और अशोक मित्तल भी मौजूद रहे।

'आप' के प्रत्याशी सुशील कुमार रिंकू ने जालंधर लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में बड़ी जीत दर्ज की है। कांग्रेस पार्टी को उसी के गढ़ में शिकस्त दी। पार्टी के लिए जालंधर संसदीय सीट पर जीत कई मायनों में अहम है। जालंधर के 9 विधानसभा में से 7 में 'आप' ने जीत दर्ज की हैं। जालंधर सेंट्रल और नॉर्थ में ही पीछे रह गई। विधानसभा में इस क्षेत्र से महज 28 प्रतिशत वोट आम आदमी पार्टी को मिले थे जो एक साल में बढ़कर लोकसभा उपचुनाव में 34 प्रतिशत हो गए। 2019 लोकसभा चुनाव में जालंधर सीट पर आप को महज 2.5 प्रतिशत ही वोट मिले थे। 

अरविंद केजरीवाल से आशीर्वाद लेने आया हूं: रिंकू 
अरविंद केजरीवाल से मुलाकात के बाद सांसद सुशील कुमार रिंकू ने कहा कि मेरे लिए पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का आशीर्वाद ही काफी है। जालंधर के लोगों ने भारी जन समर्थन देकर हमें जिताया है। इसके लिए अरविंद केजरीवाल का धन्यवाद करने और उनका आशीर्वाद लेने आया हूं। आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब में पिछले एक साल में जो काम किए हैं, उनकी वजह से जालंधर के लोगों ने आप को अपना भारी जन समर्थन दिया है। जालंधर लोकसभा क्षेत्र में कई फ्लाईओवर का काम रुका हुआ है, कई सड़कों के प्रोजेक्ट रुके हैं, जालंधर में आदमपुर एयरपोर्ट को शुरू करवाना है। इसके अलावा इंडस्ट्री के भी ढेर सारे मसले हैं। इस सब मुद्दों को संसद में मजबूती से उठाएंगे। जालंधर समेत पूरे पंजाब के लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि सरदार भगवंत मान ने जो वादे किए हैं, वह सारे वादे पूरे करेंगे। सारे वादों को अमलीजामा पहनाने के लिए योजना बनाने का काम जल्द शुरू किया जाएगा।