झारखंड से मानसून विदा हो चुका है। भारतीय मौसम विभाग ने शुक्रवार (13 अक्टूबर) को आधिकारिक रूप से राज्य से दक्षिण-पश्चिम मानसून के विदाई की घोषणा की है।

मानसून की विदाई के बाद से झारखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है। कहीं भी वर्षा की संभावना नहीं है। बता दें कि इस बार राज्य में मानसून का आगमन 19 जून को हुआ था। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की विदाई के बाद से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।

मानसून की विदाई के बाद राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। इसके साथ ही ठंड का एहसास होने लगेगा। देखते ही देखते फिर सर्दी शुरू हो जाएगी। झारखंड में इस बार 1 जून से 30 सितंबर तक 751.3 मिलीमीटर वर्षा हुई, जबकि सामान्य वर्षा 1022.9 मिलीमीटर होती है।

चाईबासा, जमशेदपुर और सरायकेला क्षेत्र में शनिवार को दिन में मौसम साफ रहेगा। दोपहर में धूप खिलेगी। शाम को कहीं-कहीं आंशिक रूप से बादल छाये रह सकते हैं।

पलामू, गढ़वा व लातेहार में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। न्यूनतम तापमान यथावत है। अधिकतम तापमान में 0.5 डिसे की वृद्धि हुई है। इस कारण लोगों को उमस भरी गर्मी से निजात मिली है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.3 डिसे व न्यूनतम तापमान 22.3 डिसे रहा।

कोडरमा में दिन में आसमान साफ रहेगा। दोपहर में तीखी धूप से परेशानी हो सकती है। अगले पांच दिनों में तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।