होडल थाना अंतर्गत गांव भुलवाना में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के स्वजन ने ससुरालजन पर दहेज का हत्या का आरोप लगाया है। ससुरालजन दहेज में कार की मांग कर रहे थे। होडल थाना पुलिस ने मामले में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। होडल थाना प्रभारी महेंद्र सिंह के अनुसार (मथुरा ) उत्तर प्रदेश के गोपालगढ़ के रहने वाले अशोक ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उसने अपनी छोटी बहन कविता की शादी मार्च, 2022 में गांव भुलवाना के रहने वाले कृष्ण के साथ की थी।

दहेज से संतुष्ट नहीं थे ससुराल वाले 

शादी में उन्होंने अपनी हैसियत से ज्यादा दहेज दिया था, मगर ससुरालजन शादी के बाद दहेज से संतुष्ट नहीं हुए। ससुरालजन शादी के बाद से ही उसकी बहन को प्रताड़ित करने लगे। बहन का पति कृष्ण, देवर पंकज, सास कमलेश, जेठ रामू, ससुर टीकमचंद दहेज के लिए आए दिन कविता को प्रताड़ित करते थे। आरोपित दहेज में स्विफ्ट गाड़ी, सोने की चेन की मांग करते थे। शिकायतकर्ता के अनुसार करीब दस दिन पहले उन्होंने अपनी बहन कविता को कृष्ण के साथ मायके से ससुराल भेजा था। उस समय कृष्ण ने आश्वासन दिया था कि आज के बाद वह कविता को तंग नहीं करेगा। 23 जुलाई को उन्हें कृष्ण का फोन आया कि उसकी बहन कविता की तबीयत खराब है और उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह पहुंचे तो पता चला कि बहन की हालत खराब है और वह पलवल शहर के एक निजी अस्पताल में दाखिल है। अस्पताल में 24 जुलाई को कविता को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शिकायतकर्ता के अनुसार उसकी बहन की हत्या फांसी पर लटकाकर की गई है।