झारखंड के हजारीबाग में मंगलवार को दो स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने से तीन नाबालिगों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, पहली घटना में सलवार इलाके में रथ यात्रा के जुलूस से लौटते समय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए। इनमें से आठ को गंभीर चोटें आई हैं। घटना दोपहर करीब 4.45 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-100 (हजारीबाग-बगोदर रोड) पर हुई।

हजारीबाग सदर के अनुमंडल अधिकारी ने बताया कि रथ यात्रा से लौट रहे दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 12 घायल हो गए। घायलों को हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया है। उनका इलाज किया जा रहा है। मृतकों की पहचान सुधांशु पांडे (17) और अरुण कुमार गुप्ता (16) के रूप में हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि बिजली गिरने की एक अन्य घटना में जिले के केरेदारी में एक 10 वर्षीय लड़के की मौत हो गई। इस बीच मौसम विभाग ने मंगलवार से अगले तीन दिनों तक राज्य में मध्यम से तेज आंधी चलने का अलर्ट जारी किया है।