वैसे तो एक मार्च से 31 मई तक 92 दिनों की गर्मी पड़ती है। जून से प्री-मानसून सीजन शुरू होने से प्रचंड गर्मी से राहत का दौर शुरू हो जाता है। इस बार परिस्थिति बदली हुई है। जून की शुरुआत ही भीषण गर्मी के साथ हुई। हर दिन गर्मी की तपिश बढ़ती ही जा रही है।

झुलसाने वाली गर्मी का दौर पूरे सप्‍ताह रहेगी जारी

इस माह के 14 दिनों में दोपहर में आसमान से आग बरसने जैसी गर्मी पड़ी। सोमवार और मंगलवार को धूप-छांव के बीच उमस भरी गर्मी रही। बुधवार को बादल छंटते ही तेज धूप खिली। सूर्योदय के कुछ देर बाद से ही धूप की तपिश बढ़ गई। गर्मी के मौसम के सबसे गर्म दोपहर का एहसास हुआ। धूप इतनी तीखी थी मानो शरीर से खून सोख लेगी। शाम ढलने के बाद भी गर्म हवाओं ने झकझोर दिया। झुलसाने वाली गर्मी का दौर पूरे सप्ताह जारी रहने का अनुमान है।

आज व कल रात में ज्यादा रहेगी उमस, दो डिग्री चढ़ेगा पारा 

दिन के साथ रात में भी अब उमस भरी गर्मी सता रही है। अगले दो दिनों तक रात में बेचैनी और बढ़ सकती है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री पर स्थिर रहेगा। न्यूनतम तापमान 28 से 30 डिग्री पर जाएगा। रात में गर्मी के साथ उमस ज्यादा रहेगी।

उत्तर पूर्वी हिस्से में आज से तीन दिन गर्जन के साथ बारिश

इधर, मौसम विभाग ने राज्य के उत्तर पूर्वी भागों में गुरुवार से तीन दिनों तक गर्जन व वज्रपात को लेकर अलर्ट भी जारी किया है। कुछ जगहों पर 30 से 40 की गति से तेज सतही हवा भी चल सकती है। हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा की भी संभावना जताई गई है। धनबाद भी उत्तर पूर्वी हिस्से में ही है। ऐसे में मौसम में बदलाव भी संभव है।